The Duniyadari: जगदलपुर- बस्तर जिला पुलिस विभाग की वेतन शाखा में वित्तीय अनियमितता का बड़ा मामला सामने आया है। शुरुआती जांच में करीब 1.5 करोड़ रुपये के गबन का खुलासा होने के बाद पुलिस ने वेतन शाखा से जुड़े तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर लिया है। आरोप है कि कर्मचारियों ने वेतन भुगतान की ऑनलाइन प्रक्रिया में हेरफेर कर अपने और कुछ अन्य खातों में तय राशि से कहीं अधिक रकम ट्रांसफर की।
जानकारी के अनुसार यह गड़बड़ी पिछले आठ से नौ महीनों से लगातार की जा रही थी। विशेष ऑडिट के दौरान वेतन भुगतान के आंकड़ों में असामान्य अंतर दिखाई देने पर मामले की गहन जांच शुरू की गई। दस्तावेजों और बैंक लेन-देन की पड़ताल में सामने आया कि वेतन मद से बड़ी राशि नियमों के विपरीत अलग-अलग खातों में भेजी गई।
जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इस फर्जीवाड़े का लाभ किन-किन लोगों को मिला और इसमें कितने कर्मचारी या अन्य व्यक्ति शामिल थे। पुलिस भुगतान प्रक्रिया में इस्तेमाल किए गए सॉफ्टवेयर और डिजिटल रिकॉर्ड की भी तकनीकी जांच करा रही है, ताकि हेराफेरी के पूरे नेटवर्क का पता लगाया जा सके।
बस्तर के पुलिस अधीक्षक सलभ सिन्हा ने बताया कि वेतन भुगतान में अतिरिक्त राशि जारी किए जाने की पुष्टि हुई है। मामले में तीन कर्मचारियों को गिरफ्तार कर पुलिस रिमांड पर पूछताछ की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।















