The Duniyadari: गरियाबंद जिला मुख्यालय के सर्किट हाउस में रविवार सुबह अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। आग लगने की घटना सुबह करीब 6:30 बजे की बताई जा रही है। देखते ही देखते आग ने एक कमरे और स्टोर क्षेत्र में रखे सामान को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे वहां रखा फर्नीचर और अन्य सामग्री बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाने के लिए तत्काल राहत कार्य शुरू किया। दमकल कर्मियों की मशक्कत के बाद आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे सर्किट हाउस के अन्य हिस्सों को बड़ा नुकसान होने से बचाया जा सका।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग से फ्रिज, अलमारी, सीलिंग फैन समेत स्टोर रूम में रखा कई प्रकार का सामान जल गया। घटना के बाद लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग की वजह माना जा रहा है, हालांकि जांच पूरी होने के बाद ही वास्तविक कारण स्पष्ट हो सकेगा। प्रशासन ने नुकसान का आकलन शुरू कर दिया है।















