The Duniyadari: Raipur- सावन माह की शुरुआत के साथ ही राजधानी के प्राचीन शिव मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। महादेव घाट स्थित ऐतिहासिक हटकेश्वर महादेव मंदिर में बुधवार तड़के चार बजे से ही श्रद्धालु भगवान शिव के दर्शन और जलाभिषेक के लिए पहुंचने लगे। पूरे मंदिर परिसर में “हर-हर महादेव” के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना हुआ है।
सावन को देखते हुए मंदिर प्रशासन ने विशेष व्यवस्थाएं की हैं। श्रद्धालु बड़ी संख्या में शिवलिंग पर जल, बेलपत्र और पूजा सामग्री अर्पित कर भगवान भोलेनाथ से सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना कर रहे हैं।
मान्यता है कि मंदिर परिसर में स्थापित नंदी के कानों में अपनी मनोकामना बताने से वह सीधे भगवान शिव तक पहुंचती है और भक्तों की इच्छाएं पूरी होती हैं। इसी वजह से सावन के महीने में यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए आते हैं।
मंदिर के महंत सुरेश गिरी महाराज के अनुसार, खारुन नदी के तट पर स्थित यह प्राचीन मंदिर कलचुरी शासनकाल की धरोहर है। बताया जाता है कि इसका निर्माण 15वीं शताब्दी में कराया गया था। वर्षों से यह मंदिर राजधानीवासियों की आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।
खारुन नदी पर लक्ष्मण झूला की तर्ज पर बने पुल के कारण भी इस क्षेत्र की लोकप्रियता बढ़ी है। पुल बनने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं और पर्यटकों की संख्या में लगातार इजाफा हुआ है। सावन के पूरे महीने मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे।















