सुकमा में बड़ी सफलता: 15 माओवादी हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटे, 47 लाख के इनामी शामिल

31

The Duniyadari : सुकमा। छत्तीसगढ़ में नक्सल उन्मूलन के लिए चल रहे लगातार अभियानों का असर एक बार फिर बड़े स्तर पर दिखाई दिया है। मंगलवार को सुकमा जिले में सुरक्षा बलों के सामने 15 सक्रिय माओवादी हथियार डालकर समाज की मुख्यधारा से जुड़ गए। सरेंडर करने वाले सभी माओवादियों पर कुल 47 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पित समूह में PLGA बटालियन-01 के 4 कुख्यात सदस्य भी शामिल हैं, जिन्हें हार्डकोर श्रेणी में गिना जाता है।

हार्डकोर नक्सली भी आए सामने

सरेंडर करने वालों में

  • PPCM के 4 सदस्य,
  • SCM के 2 सदस्य,
  • 3 पार्टी सदस्य,
  • और अन्य 8 सक्रिय सहयोगी शामिल हैं।

इनमें 10 पुरुष और 5 महिलाएं हैं। जिन पर घोषित इनाम में—

  • 4 नक्सलियों पर 8-8 लाख,
  • 2 पर 5-5 लाख,
  • 1 पर 3 लाख,
  • 1 पर 2 लाख,
  • और 1 पर 1 लाख रुपये का इनाम शामिल है।

क्यों किया आत्मसमर्पण?

माओवादियों ने बताया कि वे “छत्तीसगढ़ नक्सलवादी आत्मसमर्पण एवं पुनर्वास नीति” और पूना मुर्गम योजना से प्रभावित होकर हिंसा छोड़ने के लिए तैयार हुए। इसके अलावा तर्रेम व अंसदरी क्षेत्र में नए सुरक्षा कैंपों की मजबूत उपस्थिति ने भी उन्हें संगठन छोड़ने का निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया।

कई सुरक्षा एजेंसियों का संयुक्त प्रयास

इस सफल अभियान में जिला पुलिस बल, DRG, RAF, CRPF की 02, 212, 217 और 223 बटालियन, COBRA 207, तथा विभिन्न खुफिया एजेंसियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।