Saturday, June 20, 2026
Home Breaking सुशासन तिहार शिविर में भड़के पूर्व संसदीय सचिव, कलेक्टर के सामने कहा-...

सुशासन तिहार शिविर में भड़के पूर्व संसदीय सचिव, कलेक्टर के सामने कहा- अधिकारी फोन नहीं उठाते, शिविर जादू की छड़ी नहीं

39

The Duniyadari: गरियाबंद– अमलीपदर तहसील मुख्यालय में सुशासन तिहार शिविर के दौरान जमकर हंगामा हुआ। पूर्व भाजपा संसदीय सचिव और वरिष्ठ नेता गोवर्धन मांझी मंच से ही प्रशासन पर बरस पड़े। जिला कलेक्टर भगवान सिंह उइके की मौजूदगी में उन्होंने अफसरों की कार्यशैली पर तीखे सवाल उठाए।

मांझी ने कहा कि अधिकारी जनप्रतिनिधियों के कॉल तक रिसीव नहीं करते। इसी वजह से पानी-बिजली जैसी बुनियादी समस्याएं महीनों लटकी रहती हैं। मंच से कलेक्टर को संबोधित करते हुए बोले, “कलेक्टर साहब, फोन तो उठा लिया करें। छोटी समस्याएं तो कॉल पर ही सुलझ जाती हैं। लोग आवेदन देते-देते थक गए, पर सुनवाई नहीं होती।”

उन्होंने कहा कि केवल शिविर लगाने से हालात नहीं सुधरेंगे। “शिविर कोई जादू की छड़ी नहीं कि सारी दिक्कतें एक झटके में खत्म हो जाएं। सरकार की मंशा ठीक है, लेकिन सिस्टम में सुधार जरूरी है।”

शिविर में बड़ी संख्या में कुर्सियां खाली देख मांझी ने प्रचार-प्रसार और प्रशासन की तैयारी पर भी निशाना साधा। कहा कि खाली पंडाल बताता है कि प्रशासन सरकार की मंशा के मुताबिक गंभीर नहीं है।