The Duniyadari : सूरजपुर : ज़िंदा लौट आया ‘मरा हुआ’ युवक, क्रियाकर्म के बीच मचा हड़कंप — पुलिस ने फिर खोली जांच
सूरजपुर। जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जिसने पुलिस और स्थानीय लोगों को सोचने पर मजबूर कर दिया है। एक युवक को मृत मानकर अंतिम संस्कार की तैयारियाँ हो चुकी थीं, लेकिन उसी दौरान वह युवक घर वापस लौट आया। परिवार के चेहरे पर जहाँ खुशी उमड़ पड़ी, वहीं पुलिस के सामने अब नई चुनौती खड़ी हो गई — आखिर कुएं से मिला वह शव किसका था?

बताया जाता है कि बीते शनिवार मानपुर क्षेत्र में एक कुएं से अज्ञात युवक का शव बरामद हुआ था। पहचान के प्रयास में पुलिस ने आसपास सूचना भिजवाई और चंद्रपुर के एक परिवार ने कपड़ों और शारीरिक बनावट के आधार पर उसे अपने बेटे पुरुषोत्तम का शव बताया। सभी औपचारिकताएँ पूरी करने के बाद शव को परिवार को सौंपकर दफन कर दिया गया।
इसके बाद परिजन और रिश्तेदार शोकसभा में शामिल होने इकट्ठा हुए थे कि तभी बड़ा मोड़ आया — पुरुषोत्तम अचानक घर पहुंच गया। परिजन इसे देखकर स्तब्ध रह गए। शोक की जगह खुशी और हैरानी ने माहौल बदल दिया।
यह खबर पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गई है और कई तरह की अटकलें लगाई जा रही हैं।
पुलिस के लिए बनी रहस्य की नई पहेली
पुलिस अब उस अज्ञात शव की असली पहचान खोजने में जुट गई है। अधिकारियों ने बताया कि बरामद शव के कपड़े और अन्य सामान सुरक्षित रखा गया है, जिनकी मदद से पहचान कराई जाएगी।
आवश्यकता पड़ने पर परिवार की पुष्टि पर कब्र से शव निकालने की कार्रवाई भी की जा सकती है।
पुलिस पूरे मामले की दोबारा जांच शुरू कर रही है ताकि यह पता चल सके कि वास्तव में वह मृतक कौन था और किस परिस्थिति में उसकी मौत हुई।





























