The Duniyadari: Raigarh– Instagram पर दोस्ती कर युवती से छेड़खानी, धमकी और अश्लील फोटो-वीडियो वायरल करने की धमकी देने वाले आरोपी को रायगढ़ महिला थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
*बिहार का रहने वाला है आरोपी*
गिरफ्तार आरोपी सौरभ सिंह राजपूत, 24 वर्ष, लश्करगंज थाना टिकारी जिला गया, बिहार का निवासी है। पूछताछ में उसने खुद को यूट्यूबर बताया है। पुलिस ने उसके पास से OnePlus Nord CE 2 Lite 5G मोबाइल जब्त किया है।
*7-8 महीने पहले इंस्टाग्राम पर हुई थी दोस्ती*
पीड़िता ने 14 मई 2026 को महिला थाना में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 7-8 महीने पहले इंस्टाग्राम पर आरोपी से जान-पहचान हुई। बातचीत के दौरान 5 जनवरी 2026 को आरोपी रायगढ़ आया। मेडिकल कॉलेज रोड चक्रधरनगर में युवती को बुलाकर हाथ पकड़कर छेड़खानी की और किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। डर की वजह से युवती ने घरवालों को नहीं बताया।
*मथुरा ले गया, मोबाइल रखा अपने पास*
आरोपी लगातार फोन कर परेशान करता रहा। 30 अप्रैल 2026 को घूमने चलने का दबाव बनाया। मना करने पर वीडियो वायरल करने की धमकी दी। डरकर युवती उसके साथ मथुरा चली गई। 4 मई को ट्रेन से रायगढ़ लौटी तो आरोपी ने उसका मोबाइल रख लिया, सिर्फ सिम लौटाया। घर पहुंचकर युवती ने माता-पिता को पूरी बात बताई।
*परिजनों को भेजे अश्लील फोटो-वीडियो*
इसके बाद भी आरोपी मिलने की जिद करता रहा। इंस्टाग्राम से युवती के परिजनों को अश्लील फोटो और वीडियो भेजकर धमकाने लगा। शिकायत पर महिला थाना में धारा 74, 75, 79, 351(3) BNS के तहत केस दर्ज हुआ।
*रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा गया*
शुक्रवार को आरोपी के रेलवे स्टेशन के पास दिखने की सूचना मिली। महिला थाना और साइबर सेल की टीम ने घेराबंदी कर चक्रधरनगर से उसे पकड़ लिया। आरोपी ने जुर्म कबूल कर लिया है।
*SSP की सख्त चेतावनी*
कार्रवाई में महिला थाना प्रभारी कुसुम कैवर्त, SI सरस्वती महापात्रे, प्रधान आरक्षक मालती कंवर, आरक्षक राजेश उरांव और साइबर सेल के महेश पंडा, पुष्पेन्द्र जाटवर, नवीन शुक्ला शामिल रहे। SSP शशि मोहन सिंह ने कहा कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से दोस्ती खतरनाक हो सकती है। महिलाओं की गरिमा से खिलवाड़ करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।















