The Duniyadari: राजनांदगांव- बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए परिवहन विभाग ने जिले में स्कूली वाहनों के खिलाफ विशेष जांच अभियान चलाया। इस दौरान कई स्कूल बसों और वाहनों में आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए उन्हें जब्त कर लिया गया।
अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी आनंद शर्मा ने बताया कि जांच अभियान के दौरान स्कूल बसों में फिटनेस प्रमाण पत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र, फायर सेफ्टी उपकरण सहित अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। जिन वाहनों में खामियां पाई गईं, उनके खिलाफ तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की गई।
जांच के दौरान मोहारा स्थित श्रीवेद पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक सीजी 08 एजी 1365 और सीजी 08 एजी 1366 में फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाण पत्र तथा कर संबंधी दस्तावेज लंबित पाए गए। गंभीर अनियमितताओं को देखते हुए दोनों बसों को मोटरयान अधिनियम के तहत जब्त कर थाना मोहारा में सुरक्षित खड़ा कराया गया। बताया गया कि इससे पहले भी उक्त स्कूल की एक बस के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है, बावजूद इसके दस्तावेजों के नवीनीकरण में लापरवाही बरती गई।
इसी तरह दिल्ली पब्लिक स्कूल की बस क्रमांक सीजी 08 एम 0237 तथा मैजिक वाहन क्रमांक सीजी 08 एएक्स 1835 और सीजी 08 वाय 1432 में भी फिटनेस, बीमा और अन्य आवश्यक मानकों की कमी पाई गई। इन वाहनों को भी जब्त कर अतिरिक्त क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय में सुरक्षित रखा गया है।
परिवहन विभाग ने संबंधित वाहन संचालकों को निर्देश दिया है कि आवश्यक दस्तावेजों का शीघ्र नवीनीकरण कर नियमों के अनुसार ही वाहनों का संचालन करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि स्कूली बच्चों की सुरक्षा से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और आगे भी इस तरह की सघन जांच जारी रहेगी।
कार्रवाई में निरीक्षक प्रशांत शर्मा, उपनिरीक्षक अनीश बघेल और उपनिरीक्षक प्रभा तिवारी सहित परिवहन विभाग की टीम शामिल रही।















