The Duniyadari: कबीरधाम जिले के पंडरिया विकासखंड के वनांचल क्षेत्र स्थित तेलियापानी लेदरा गांव से शिक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिक्षक सुरेश कुमार नेताम को स्कूल परिसर में शराब का सेवन करते देखा गया। इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और जिम्मेदार अधिकारियों से सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है। लोगों का कहना है कि यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह शिक्षा के माहौल और विद्यार्थियों के भविष्य के लिए बेहद गंभीर विषय है।
इधर, जांजगीर-चांपा जिले के नवागढ़ विकासखंड में पदस्थ एक शिक्षक और शिक्षिका से जुड़ा कथित वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं और अभिभावकों सहित कई सामाजिक संगठनों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठाई है। हालांकि, प्रशासन और शिक्षा विभाग ने अभी तक वीडियो की प्रामाणिकता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। ऐसे में जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।















