Saturday, September 19, 2026
Home Breaking PM आवास सूची में नाम नहीं आने पर हंगामा, मां-बेटी ने पंचायत...

PM आवास सूची में नाम नहीं आने पर हंगामा, मां-बेटी ने पंचायत भवन में किया आत्मदाह का प्रयास

56
Oplus_16908288

The Duniyadari: राजनांदगांव जिले के सुकुलदैहान पुलिस चौकी क्षेत्र के ग्राम पंचायत ढीलापहरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राही चयन को लेकर ग्राम सभा के दौरान बड़ा विवाद खड़ा हो गया। आवास सूची में नाम नहीं होने से नाराज एक महिला और उसकी बेटी ने पंचायत भवन के भीतर खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आत्मदाह करने की कोशिश की। मौके पर मौजूद ग्रामीणों और पुलिस की सतर्कता से समय रहते दोनों को बचा लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार ग्राम सभा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत हितग्राहियों की सूची पर चर्चा चल रही थी। इसी दौरान महिला ने दावा किया कि उसने योजना के लिए आवेदन किया था और उसके पास जनपद पंचायत की पावती भी है। उसका आरोप है कि प्रारंभिक सूची में नाम होने के बावजूद पंचायत स्तर पर उसे हटा दिया गया, जिससे वह और उसका परिवार योजना के लाभ से वंचित रह गए।

इस मुद्दे को लेकर सरपंच, सचिव और महिला के परिवार के बीच तीखी बहस शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर महिला और उसकी बेटी ने आवेश में आकर पंचायत भवन के भीतर ही खुद पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़क लिया। घटना से ग्राम सभा में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही सुकुलदैहान चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत सामान्य बताई गई है।

पुलिस ने दोनों महिलाओं के बयान दर्ज कर लिए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कीर्तन राठौर ने बताया कि महिलाओं ने आवास सूची से नाम हटाए जाने का आरोप लगाया है। वहीं प्रारंभिक जांच में यह जानकारी भी सामने आई है कि संबंधित महिला के गांव में दो मकान होने की बात सामने आई है, जिसकी भी जांच की जा रही है।

प्रशासन ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि हितग्राही चयन प्रक्रिया में किसी प्रकार की अनियमितता, लापरवाही या नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी रही, हालांकि पुलिस की मौजूदगी से हालात फिलहाल नियंत्रण में हैं।