Saturday, July 18, 2026
Home Breaking स्कूल में नशीली दवा खाने से 8 छात्र बेहोश, एक की हालत...

स्कूल में नशीली दवा खाने से 8 छात्र बेहोश, एक की हालत गंभीर; पुलिस जांच में जुटी..

4

The Duniyadari: दुर्ग-  पंचशील नगर स्थित शासकीय चंद्रशेखर आजाद उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक साथ आठ छात्रों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। बताया जा रहा है कि छात्रों ने कथित तौर पर नशीली दवा का सेवन किया था, जिसके बाद वे बेहोशी की हालत में पहुंच गए।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, स्कूल में पढ़ने वाले ही एक छात्र ने अन्य बच्चों को दवा दी थी। दवा लेने के कुछ समय बाद छात्रों को चक्कर आने लगे और उनकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद स्कूल प्रबंधन और परिजनों ने तत्काल सभी बच्चों को अस्पताल पहुंचाया।

अस्पताल में भर्ती छात्रों में नैतिक रामटेक की हालत गंभीर बताई जा रही है। उसे आईसीयू में रखकर उपचार किया जा रहा है, जबकि बाकी छात्रों का भी डॉक्टरों की निगरानी में इलाज चल रहा है।

घटना की जानकारी मिलने के बाद बच्चों के परिजनों में नाराजगी देखी गई। परिजन कोतवाली थाने पहुंचे और मामले में जिम्मेदार छात्र के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि बच्चों को कौन-सी दवा दी गई थी, वह दवा कहां से आई और छात्रों तक कैसे पहुंची। दवा की जांच रिपोर्ट और बच्चों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल स्कूल परिसर में हुई इस घटना को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरे मामले की जांच कर रहे हैं।