The Duniyadari: कांकेर जिले के चारामा थाना क्षेत्र में शनिवार को एक सड़क हादसे में स्कूल से घर लौट रही चार छात्राएं घायल हो गईं। बाबुकोहका गांव के पास तेज रफ्तार कार ने छात्राओं को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने तत्काल सभी घायलों को चारामा के शासकीय अस्पताल पहुंचाया।
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने छात्राओं की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल कांकेर रेफर कर दिया। घायल छात्राओं में लिलिमा कुंजाम, भारती कुंजाम, करुणा कुंजाम और खुशबू यादव शामिल हैं। सभी छात्राएं गोलकुम्हड़ा स्थित शासकीय विद्यालय में अध्ययनरत हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना की जांच शुरू कर दी। पुलिस कार चालक की पहचान और हादसे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। वहीं, हादसे के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई है।















