Sunday, July 12, 2026
Home Breaking तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर, चालक की मौत; दो...

तेज रफ्तार बस ने कार को मारी टक्कर, चालक की मौत; दो गंभीर घायल

8

The Duniyadari: कोंडागांव- जिले में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में कार चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब जगदलपुर से रायपुर जा रही एक यात्री बस ने घोड़ा गांव के पास कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बस अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जंगल की ओर जा घुसी।

जानकारी के अनुसार, कार में सवार तीन लोग कोंडागांव से गीदम की ओर जा रहे थे। भीषण टक्कर के कारण कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और चालक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे में घायल दोनों यात्रियों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस तेज रफ्तार में थी। दुर्घटना की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया। सूचना मिलने पर पुलिस भी घटनास्थल पहुंची और क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सामान्य कराया।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में तेज रफ्तार बसों पर अंकुश लगाने की मांग उठाई। उनका कहना है कि लापरवाही से वाहन चलाने के कारण इस तरह की दुर्घटनाएं लगातार हो रही हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज गति मानी जा रही है, हालांकि वास्तविक कारणों का पता विस्तृत जांच के बाद ही चल सकेगा।