Monday, October 5, 2026
Home बीजापुर PMGSY में करोड़ों की गड़बड़ी का मामला: चार अधिकारी-कर्मचारी निलंबित, ठेकेदारों पर...

PMGSY में करोड़ों की गड़बड़ी का मामला: चार अधिकारी-कर्मचारी निलंबित, ठेकेदारों पर FIR की तैयारी

8

The Duniyadari: बीजापुर। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत जिले में हुए सड़क निर्माण कार्यों को लेकर सामने आई वित्तीय और तकनीकी अनियमितताओं पर शासन ने कड़ा रुख अपनाया है। जांच के दायरे में आए विभाग के चार अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई है। वहीं निर्माण कार्यों से जुड़े ठेकेदारों की भूमिका भी जांची जा रही है।

विभागीय अधिकारियों के मुताबिक सड़क निर्माण से संबंधित कार्यों में भुगतान की प्रक्रिया और काम की गुणवत्ता को लेकर गंभीर सवाल सामने आए थे। शिकायतों की पड़ताल के बाद जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की गई। फिलहाल निलंबित कर्मचारियों से पूरे मामले को लेकर पूछताछ की जा रही है और जांच आगे बढ़ रही है।

जिन लोगों पर कार्रवाई हुई है, उनमें तत्कालीन कार्यपालन अभियंता सुरेश नागेश, एसडीओ मुविष लहरे, सुरेश बांदे और सतानंद महिकवार शामिल हैं। विभाग अब यह भी पता लगाने में जुटा है कि अनियमितताओं में किस स्तर पर लापरवाही हुई और सरकारी राशि के भुगतान में नियमों का पालन क्यों नहीं किया गया।

ठेकेदारों से होगी वसूली, FIR की भी तैयारी

मामले में सड़क निर्माण से जुड़े ठेकेदारों की भूमिका भी जांच के केंद्र में है। विभागीय स्तर पर संबंधित ठेकेदारों से शासकीय राशि की रिकवरी के साथ जरूरत पड़ने पर एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदारी तय होने की उम्मीद है।

PMGSY की सड़कों को लेकर पहले भी निर्माण गुणवत्ता, कार्यप्रणाली और भुगतान से संबंधित शिकायतें सामने आती रही हैं। ऐसे में चार अधिकारी-कर्मचारियों के निलंबन के बाद अब जांच की अगली कार्रवाई और ठेकेदारों पर होने वाले एक्शन पर नजर बनी हुई है।