The Duniyadari: भिलाई- दुर्ग जिले के भिलाई स्टील प्लांट से करीब 250 टन लोहे की चोरी का बड़ा मामला सामने आया है। जब्त किए गए लोहे की अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ रुपये बताई जा रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए हथखोज और अकलोरडीह क्षेत्र स्थित एक गोदाम से भारी मात्रा में चोरी का लोहा बरामद किया है। मामला भिलाई-3 थाना क्षेत्र का है।
जानकारी के मुताबिक, प्लांट से लोहे की प्लेटें और स्क्रैप को फ्लाई ऐश के नीचे छिपाकर बाहर निकाला जा रहा था। हैरानी की बात यह है कि प्लांट की सुरक्षा में CISF के जवान तैनात हैं और पूरे परिसर में सैकड़ों CCTV कैमरे लगे हुए हैं, इसके बावजूद लंबे समय तक इस खेल की भनक किसी को नहीं लगी।
पुलिस को आशंका है कि इतनी बड़ी चोरी बिना अंदरूनी मिलीभगत के संभव नहीं हो सकती। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ समय से लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि प्लांट से लोहे का स्क्रैप चोरी कर बाहर सप्लाई किया जा रहा है। शिकायतों के आधार पर पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और संदिग्ध वाहनों पर नजर रखना शुरू किया।
27 मई को पुलिस टीम ने कुछ ट्रकों और हाईवा वाहनों का पीछा किया, जो हथखोज स्थित एक गोदाम तक पहुंचे। वाहन गोदाम के भीतर दाखिल होते ही पुलिस ने चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। कार्रवाई के दौरान छावनी CSP प्रशांत कुमार पैकरा और भिलाई-3 थाना पुलिस मौके पर मौजूद रही।
पुलिस ने गोदाम में मौजूद लोगों से जब्त लोहे से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध कागजात पेश नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने पूरे गोदाम और यार्ड की तलाशी लेकर भारी मात्रा में लोहा जब्त कर लिया। मामले में अब यह जांच की जा रही है कि चोरी के इस नेटवर्क में प्लांट के किन-किन कर्मचारियों या अधिकारियों की भूमिका रही है।















