Tuesday, May 5, 2026
Home Breaking स्वच्छ सर्वेक्षण 2026: रायपुर में महापौर मीनल चौबे ने दिए सख्त निर्देश,...

स्वच्छ सर्वेक्षण 2026: रायपुर में महापौर मीनल चौबे ने दिए सख्त निर्देश, बोलीं- डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन 100% करें, लापरवाही बर्दाश्त नहीं

5
Oplus_16908288

The Duniyadari: Raipur– स्वच्छ सर्वेक्षण 2026 में बेहतर रैंकिंग के लिए रायपुर नगर निगम ने कमर कस ली है। सोमवार को महापौर मीनल चौबे ने निगम मुख्यालय में अधिकारियों की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की और कड़े निर्देश जारी किए।

बैठक में आयुक्त विश्वदीप, स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर, सभी जोन कमिश्नर और स्वच्छता अधिकारी मौजूद रहे। महापौर ने कहा कि शहर के हर वार्ड-मोहल्ले में डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन शत-प्रतिशत होना चाहिए। सड़कों और गलियों में कचरे के ढेर दिखने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई होगी।

उन्होंने अनुबंधित कंपनी रामकी के काम पर नाराजगी जाहिर की। महापौर ने कहा कि कंपनी यदि सही तरीके से काम करती तो शहर में गंदगी नहीं दिखती। सभी अधिकारियों को फील्ड में उतरकर खुद निरीक्षण करने और यह सुनिश्चित करने को कहा कि कचरा गाड़ियां तय समय पर हर घर तक पहुंचें।

सिटी प्रोफाइल वाले स्थानों की विशेष सफाई और निगरानी के निर्देश भी दिए गए। महापौर ने नागरिकों को स्वच्छता एप पर ज्यादा से ज्यादा फीडबैक देने के लिए जागरूकता अभियान चलाने को कहा। उन्होंने कहा कि जनता का फीडबैक रैंकिंग सुधारने में अहम भूमिका निभाएगा।

आयुक्त विश्वदीप ने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण को हल्के में न लें। बाजार, पार्क, तालाब और स्लम क्षेत्रों में रोज सफाई हो। गंदगी फैलाने वालों पर तुरंत चालानी कार्रवाई की जाए।

स्वास्थ्य विभाग अध्यक्ष गायत्री सुनील चंद्राकर ने सभी अधिकारियों से रायपुर को देश का नंबर-1 स्वच्छ शहर बनाने के लिए पूरी जिम्मेदारी और मेहनत से काम करने को कहा।