The Duniyadari: रायपुर। स्वतंत्रता दिवस के 80वें वर्ष के अवसर पर राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने छत्तीसगढ़ पुलिस और नगर सेना के अधिकारी-कर्मचारियों को उनकी उल्लेखनीय सेवाओं के लिए विभिन्न पदकों एवं पुरस्कारों से सम्मानित किया।
समारोह में धमतरी रक्षित केन्द्र में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक रामावतार सिंह राजपूत को 36 वर्ष से अधिक समय तक दी गई समर्पित सेवाओं तथा प्रशिक्षण के क्षेत्र में उनके महत्वपूर्ण योगदान के लिए राष्ट्रपति के विशिष्ट सेवा पदक-2026 प्रदान किया गया।
वहीं अपराधों पर नियंत्रण, कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, पुलिसिंग में नवाचार और उत्कृष्ट सेवाओं के लिए कुल 10 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सराहनीय सेवा हेतु भारतीय पुलिस पदक-2026 से सम्मानित किया गया।
पदक प्राप्त करने वालों में पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज रामगोपाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रायगढ़ शशिमोहन सिंह, पुलिस अधीक्षक एटीएस नवा रायपुर राजश्री मिश्रा, पुलिस अधीक्षक रायपुर ग्रामीण श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा, सेनानी 7वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई निवेदिता पॉल, सेनानी 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद मनीषा ठाकुर रावटे, पुलिस उपायुक्त रायपुर तारकेश्वर पटेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विशेष आसूचना शाखा नवा रायपुर उनैजा खातून अंसारी, सहायक सेनानी प्रथम वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल भिलाई जयलाल मरकाम और प्लाटून कमाण्डर 20वीं वाहिनी छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महासमुंद हजारी लाल साहू शामिल हैं।
आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों में उल्लेखनीय योगदान के लिए नगर सेना के दो कर्मियों को भी सम्मान मिला। नगर सेना राजनांदगांव के नायक उत्तम कुमार साहू को शिवनाथ नदी में बाढ़ के दौरान किए गए बचाव अभियान के लिए तथा नगर सेना रायपुर के लांस नायक जोगेश्वर कुमार धीवर को उत्कृष्ट गोताखोरी और प्रशिक्षण संबंधी कार्यों के लिए गृह रक्षक तथा नागरिक सुरक्षा सराहनीय सेवा पदक-2026 दिया गया।
समारोह में कमजोर वर्गों, अनुसूचित जाति-जनजाति तथा महिला एवं बाल सुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों को वर्ष 2025 के राज्य स्तरीय और पुलिस महानिदेशक पुरस्कार भी प्रदान किए गए।
जांजगीर-चांपा के सहायक उप निरीक्षक रामेश्वर प्रसाद यादव को कमजोर वर्गों के हित में किए गए कार्यों के लिए गुरु घासीदास पुरस्कार से सम्मानित किया गया। पुरस्कार के तहत 50 हजार रुपये की नकद राशि और बिलासपुर रेंज के लिए रनिंग शील्ड प्रदान की गई।
इसी तरह रायपुर की निरीक्षक अर्चना धुरंधर को कमजोर वर्गों तथा महिला-बाल संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान के लिए राज्यपाल पुरस्कार और रानी सुबरन कुंवर पुरस्कार से नवाजा गया। दोनों पुरस्कारों में 50-50 हजार रुपये की नकद राशि के साथ रायपुर रेंज को रनिंग शील्ड दी गई।
गरियाबंद की एसडीओपी निशा सिन्हा को पीड़ितों को शीघ्र न्याय दिलाने के प्रयासों के लिए मुख्यमंत्री पुरस्कार मिला। उन्हें 50 हजार रुपये नकद तथा रायपुर रेंज के लिए रनिंग शील्ड प्रदान की गई।
वहीं अजाक थाना बिलासपुर के निरीक्षक उत्तम साहू को थाना संचालन में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शहीद वीरनारायण सिंह पुरस्कार दिया गया। इसके तहत 50 हजार रुपये नकद और बिलासपुर रेंज को रनिंग शील्ड मिली।
इसके अलावा उप पुलिस अधीक्षक (अजाक) बिलासपुर डी.आर. टंडन को उत्कृष्ट कार्य के लिए पुलिस महानिदेशक पुरस्कार प्रदान किया गया, जिसमें 25 हजार रुपये की नकद राशि और प्रशंसा पत्र शामिल है।
स्वतंत्रता दिवस के राज्य स्तरीय समारोह में पुलिस एवं नगर सेना के अधिकारियों-कर्मचारियों को मिला यह सम्मान उनकी जिम्मेदारी, समर्पण और जनसेवा के प्रति प्रतिबद्धता को रेखांकित करता है।































