Thursday, July 16, 2026
Home Breaking हत्या मामले में लापरवाही पर थाना प्रभारी को नोटिस, पुलिस विभाग ने...

हत्या मामले में लापरवाही पर थाना प्रभारी को नोटिस, पुलिस विभाग ने मांगा जवाब

7

The Duniyadari: Durg-  पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में हाल ही में हुई युवक की हत्या के मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। मामले में कर्तव्य निर्वहन में कथित लापरवाही पाए जाने पर थाना प्रभारी प्रमोद रुसिया को नगर पुलिस अधीक्षक (सीएसपी) हर्षित मेहर ने कारण बताओ नोटिस जारी किया है और जल्द स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

जानकारी के अनुसार, 12 जुलाई की रात पोटिया चौक कुंदरा पारा इलाके में दो पक्षों के बीच हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया था, जिसमें लेखराम कोठारी की हत्या कर दी गई। घटना के बाद आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।

विभागीय जांच में सामने आया कि हत्या जैसी गंभीर घटना की सूचना समय पर वरिष्ठ अधिकारियों तक नहीं पहुंचाई गई। बताया गया कि सीएसपी हर्षित मेहर स्वयं सूचना मिलते ही घटनास्थल पर पहुंचे और मौके का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित कराई।

जांच में यह भी उल्लेख किया गया है कि घटना के बाद एक आरोपी अस्पताल से फरार हो गया था, जिसे बाद में एसीसीयू टीम ने पकड़ लिया। विभाग का मानना है कि समय रहते पर्याप्त सतर्कता बरती जाती तो आरोपी के फरार होने जैसी स्थिति टाली जा सकती थी। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी को लेकर भी अपेक्षित सक्रियता नहीं दिखाई गई।

इन्हीं बिंदुओं को आधार बनाते हुए थाना प्रभारी को नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है। पुलिस विभाग का कहना है कि प्राप्त स्पष्टीकरण के आधार पर आगे की विभागीय कार्रवाई तय की जाएगी।