Saturday, April 25, 2026
Home Breaking हादसा: छत से गिरकर युवक की मौत, युवती गंभीर—जांच में बदला एंगल

हादसा: छत से गिरकर युवक की मौत, युवती गंभीर—जांच में बदला एंगल

11
Oplus_16908288

The Duniyadari: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में देर रात एक दर्दनाक हादसे में 23 वर्षीय युवक की जान चली गई, जबकि उसकी महिला मित्र गंभीर रूप से घायल हो गई। शुरुआत में पुलिस इसे आत्महत्या का मामला मान रही थी, लेकिन युवती के होश में आने के बाद दिए गए बयान से मामला हादसे की ओर मुड़ गया है।

घटना सिरगिट्टी थाना क्षेत्र के अभिलाषा परिसर की है, जहां 21 अप्रैल की रात चिरंजीव पांडे और गरिमा सिंह तीन मंजिला इमारत की छत पर मौजूद थे। दोनों के बीच लंबे समय से संबंध था और वे अक्सर मिलते-जुलते थे। बताया जा रहा है कि उस रात दोनों ने शराब पी रखी थी और छत की रेलिंग के पास बैठे थे।

इसी दौरान चिरंजीव का अचानक संतुलन बिगड़ गया। उसे बचाने की कोशिश में गरिमा भी साथ में नीचे गिर गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, यह घटना रात करीब 3 बजे हुई, लेकिन देर रात होने के कारण किसी को तुरंत इसकी जानकारी नहीं मिल सकी। सुबह स्थानीय लोगों ने दोनों को घायल अवस्था में देखा और पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने चिरंजीव को मृत घोषित कर दिया। उसके सिर में गंभीर चोट आई थी। वहीं गरिमा की रीढ़ और कमर में गंभीर चोटें आई हैं, और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, युवती के बयान में साफ हुआ है कि यह आत्महत्या नहीं बल्कि एक दुर्घटना थी। फिलहाल पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है ताकि घटना की पूरी सच्चाई सामने आ सके।