The Duniyadari: Bilaspur- मुंगेली जिले में शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए शासकीय प्राथमिक शाला उमरिया के प्रधान पाठक राजेंद्र कुमार नेताम को निलंबित कर दिया है।
उन पर प्रशासनिक अनियमितता और उपस्थिति रजिस्टर में छेड़छाड़ कर फर्जी हाजिरी दर्ज करने के गंभीर आरोप लगे हैं।
जारी आदेश के अनुसार, निलंबन अवधि के दौरान उन्हें विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) कार्यालय लोरमी में संलग्न किया गया है।
यह कार्रवाई सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी (एबीओ) द्वारा प्रस्तुत जांच रिपोर्ट के आधार पर की गई है, जिसमें कई गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं।
जांच में पाया गया कि संबंधित शिक्षक बिना किसी पूर्व सूचना के विद्यालय से अनुपस्थित रहते थे।
इसके बावजूद उपस्थिति पंजी में अपनी उपस्थिति दर्ज कराते थे, जो कूटरचना की श्रेणी में आता है।
विभाग ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए कड़ी कार्रवाई की है।
डीईओ ने अपने आदेश में स्पष्ट किया है कि यह आचरण छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 का उल्लंघन है। मामले को गंभीर मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की गई है और आगे की जांच जारी है।















