Tuesday, April 7, 2026
Home Breaking 10 अप्रैल को रोजगार मेला, 346 पदों पर होगी भर्ती; 18 से...

10 अप्रैल को रोजगार मेला, 346 पदों पर होगी भर्ती; 18 से 35 वर्ष तक के अभ्यर्थी ले सकेंगे भाग

9

The Duniyadari: सूरजपुर- युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार एवं स्वरोजगार मार्गदर्शन केन्द्र, सूरजपुर द्वारा 10 अप्रैल 2026 (शुक्रवार) को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह रोजगार मेला शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज सूरजपुर में प्रातः 11:00 बजे से शाम 04:00 बजे तक आयोजित होगा। मेले में निजी क्षेत्र की विभिन्न कंपनियों द्वारा कुल 346 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी।

रोजगार मेले में सेफ इंटेलिजेंट सिक्योरिटी सर्विस द्वारा सिक्योरिटी गार्ड, सुपरवाइजर, फील्ड ऑफिसर, ट्रेनिंग ऑफिसर, मार्केटिंग मैनेजर एवं अकाउंटेंट सहित 53 पदों पर भर्ती की जाएगी, जिनकी तैनाती छत्तीसगढ़ और मध्यप्रदेश में होगी। वहीं सीजी स्कोप स्किल फाउंडेशन द्वारा कंप्यूटर ऑपरेटर, रिसेप्शनिस्ट, कुक, वेट्रेस, सिक्योरिटी गार्ड एवं मास्टर ट्रेनर के 28 पदों पर स्थानीय भर्ती की जाएगी।

इसके अलावा स्वतंत्र माइक्रोफिन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा फील्ड ऑफिसर और कलेक्शन ऑफिसर के 15 पद, श्रमिन टैलेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रिक मीटर टेक्नीशियन के 40 पद तथा वेदांता स्किल स्कूल द्वारा होटल मैनेजमेंट, इलेक्ट्रीशियन, फिटर, वेल्डर, सिलाई मशीन ऑपरेटर और मोबाइल रिपेयरिंग टेक्नीशियन सहित 120 पदों पर भर्ती की जाएगी।

इसी तरह भारतीय जीवन बीमा निगम, अंबिकापुर द्वारा बीमा सखी के 40 पद तथा एबिस फूड्स एंड प्रोटीन्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा इलेक्ट्रीशियन अप्रेंटिसशिप के 50 पदों पर भर्ती की जाएगी।

रोजगार मेले में भाग लेने के इच्छुक अभ्यर्थियों के लिए छत्तीसगढ़ रोजगार पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीयन अनिवार्य किया गया है। केवल पंजीकृत अभ्यर्थी ही प्लेसमेंट कैंप में शामिल हो सकेंगे।

अभ्यर्थियों को अपने साथ शैक्षणिक प्रमाण पत्र, निवास प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, रोजगार पंजीयन कार्ड, आधार कार्ड की मूल प्रति, एक सेट छायाप्रति एवं दो पासपोर्ट साइज फोटो लाना अनिवार्य होगा। इस भर्ती के लिए सामान्यतः आयु सीमा 18 से 35 वर्ष निर्धारित की गई है।