The Duniyadari : रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने घोषणा की है कि राज्य में खरीफ विपणन सत्र 2024-25 के लिए धान खरीदी 15 नवंबर से शुरू होगी। उन्होंने कहा कि सरकार सभी पंजीकृत किसानों का धान समर्थन मूल्य पर खरीदेगी। किसानों को समय पर भुगतान और खरीदी प्रक्रिया को सुचारू रखने के लिए तैयारी शुरू कर दी गई है।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने बताया कि खरीफ वर्ष 2025-26 में समर्थन मूल्य पर धान बेचने के लिए किसानों का एग्रीस्टैक पोर्टल में पंजीयन अनिवार्य किया गया है। पोर्टल से जुड़ी जानकारी या सहायता के लिए टोल फ्री नंबर 1800-233-1030 जारी किया गया है।
अब तक 21.47 लाख किसानों ने पंजीयन पूरा कर लिया है। जबकि गत वर्ष 25.49 लाख किसानों ने धान विक्रय किया था। शेष किसान 31 अक्टूबर 2025 तक अपने नजदीकी सहकारी समिति या निर्धारित केंद्र में जाकर पंजीयन करा सकते हैं। सरकार ने सभी समितियों और जिला कलेक्टरों को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।
राज्य सरकार का दावा है कि एग्रीस्टैक पोर्टल किसानों के लिए पारदर्शी, सटीक और डिजिटल प्रणाली उपलब्ध कराएगा। यह छत्तीसगढ़ में धान खरीदी व्यवस्था में डिजिटल क्रांति का प्रतीक बनेगा।
पिछले खरीफ सीजन में राज्य ने 149.25 लाख मीट्रिक टन धान की रिकॉर्ड खरीदी की थी, जो अब तक का सर्वोच्च आंकड़ा है। इस खरीदी के तहत किसानों को 31,089 करोड़ रुपए का भुगतान किया गया था।
जिलों में महासमुंद ने सर्वाधिक 11.04 लाख मीट्रिक टन, बेमेतरा ने 9.38 लाख मीट्रिक टन, और बलौदाबाजार-भाटापारा ने 8.56 लाख मीट्रिक टन धान खरीदी कर शीर्ष स्थान प्राप्त किया था।