Monday, September 14, 2026
Home Breaking कोरबा में सड़क किनारे खड़ी कार में लगी भीषण आग, देर रात...

कोरबा में सड़क किनारे खड़ी कार में लगी भीषण आग, देर रात मचा हड़कंप

112

The Duniyadari: कोरबा शहर के व्यस्त इलाके में सोमवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब सड़क किनारे खड़ी एक कंडम कार अचानक आग की लपटों में घिर गई। घटना सीएसईबी चौकी के पास पुराने फायर स्टेशन के समीप करीब रात 1 बजे की बताई जा रही है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार से अचानक धुआं उठता दिखा और कुछ ही मिनटों में आग ने पूरे वाहन को अपनी चपेट में ले लिया। देर रात भी इलाके में लोगों की आवाजाही जारी थी, इसलिए देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही सीएसईबी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और दमकल विभाग को जानकारी दी गई। हालांकि दमकल वाहन के पहुंचने तक आग काफी फैल चुकी थी और कार लगभग पूरी तरह जल चुकी थी।

प्राथमिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन के ऊपर से गुजर रहे बिजली के तार में शॉर्ट सर्किट होने से आग लगी हो सकती है, लेकिन असल कारणों की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी।

इस दौरान सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिसे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद सामान्य कराया। आग की लपटें देखकर आसपास के दुकानदारों और रहवासियों में भी दहशत का माहौल बन गया था, क्योंकि उन्हें डर था कि आग कहीं आसपास की दुकानों या मकानों तक न फैल जाए।

फिलहाल पुलिस वाहन के मालिक का पता लगाने के साथ ही आग लगने की वजह की जांच में जुटी हुई है।