Tuesday, July 7, 2026
Home Breaking 8 जुलाई को होगा डूमरतराई के अत्याधुनिक थोक बाजार का लोकार्पण, CM...

8 जुलाई को होगा डूमरतराई के अत्याधुनिक थोक बाजार का लोकार्पण, CM साय करेंगे जनता को समर्पित

7

The Duniyadari रायपुर- छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल द्वारा विकसित डूमरतराई के नए थोक व्यापारिक परिसर का लोकार्पण और नामकरण अब 8 जुलाई 2026 को किया जाएगा। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस आधुनिक बाजार का उद्घाटन कर इसे व्यापारियों और प्रदेशवासियों को समर्पित करेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी करेंगे।

यह समारोह पहले 5 जुलाई को प्रस्तावित था, लेकिन अपरिहार्य कारणों से इसे स्थगित कर दिया गया था। अब सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और निर्धारित तिथि पर कार्यक्रम आयोजित होगा।

राष्ट्रीय राजमार्ग-30 के किनारे लगभग 36 एकड़ भूमि पर विकसित इस व्यापारिक परिसर को आधुनिक सुविधाओं के अनुरूप तैयार किया गया है। यहां चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, व्यवस्थित यातायात, आधुनिक व्यावसायिक ढांचा और अन्य आवश्यक नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे व्यापारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलेगा।

परियोजना के पहले चरण में करीब 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 दुकानें और व्यावसायिक हॉल बनाए गए थे। वहीं दूसरे चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की स्वीकृति से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। दोनों चरण पूरे होने के बाद यह परिसर प्रदेश के सबसे आधुनिक थोक बाजारों में शामिल होगा।

सरकार का मानना है कि इस परियोजना से रायपुर में व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी, निवेश को बढ़ावा मिलेगा और रोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे। लंबे समय से व्यापारियों द्वारा आधुनिक थोक बाजार की मांग की जा रही थी, जिसे अब मूर्त रूप दिया गया है।

लोकार्पण समारोह में राज्य सरकार के कई मंत्री, सांसद, विधायक, जनप्रतिनिधि, व्यापारी संगठन, गृह निर्माण मंडल के अधिकारी तथा बड़ी संख्या में नागरिक शामिल होंगे। सरकार के अनुसार, यह परियोजना छत्तीसगढ़ में व्यापारिक अधोसंरचना को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगी।