शिक्षादूत फिर बने नक्सलियों के निशाने पर, बीजापुर में बढ़ा दहशत का माहौल

38

The Duniyadari : बीजापुर। दक्षिण बस्तर में नक्सलियों का खूनी खेल थमने का नाम नहीं ले रहा है। शिक्षादूत लगातार उनकी हिंसा के शिकार हो रहे हैं। ताज़ा घटना में नक्सलियों ने गंगालूर क्षेत्र में पदस्थ एक शिक्षादूत का अपहरण कर उसकी हत्या कर दी। नक्सली वारदातों की यह बढ़ती श्रृंखला पुलिस-प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनी हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार, नेन्द्रा स्कूल में पदस्थ शिक्षादूत कल्लू ताती को शुक्रवार शाम स्कूल से घर लौटते वक्त नक्सलियों ने अगवा कर लिया। देर रात जंगल में उसकी हत्या कर दी गई। मृतक का मूल निवास तोड़का गांव बताया गया है।

गौरतलब है कि 27 अगस्त को भी नक्सलियों ने सुकमा जिले के जगरगुंडा थाना क्षेत्र के मंडीमरका गांव में शिक्षादूत लक्ष्मण बारसे की निर्मम हत्या कर दी थी। वह बीजापुर जिले के पेगड़ापल्ली का निवासी था और सिलगेर में शिक्षादूत के रूप में सेवाएं दे रहा था।

बीते 24 घंटे में नक्सलियों की यह दूसरी वारदात है। इससे पहले शुक्रवार को जिला मुख्यालय से महज़ 20 किलोमीटर दूर एक 27 वर्षीय युवक की नृशंस हत्या कर दी गई थी।

जानकारी के मुताबिक, बंद पड़े स्कूलों के पुनः संचालन के बाद से अब तक बीजापुर जिले में 6 और सुकमा जिले में 5 शिक्षादूतों की हत्या नक्सलियों द्वारा की जा चुकी है। लगातार हो रही इन घटनाओं ने ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल गहरा दिया है।