The Duniyadari :रायपुर। बोरियाखुर्द स्थित आरडीए कॉलोनी में रहने वाले एक पत्रकार और उनके परिवार पर मोहल्ले के ही दो लोगों द्वारा मारपीट व जान से मारने की धमकी देने का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 21 नवंबर की शाम की है, जिसके बाद पीड़ित परिवार ने थाने में रिपोर्ट दर्ज करवाई है।
मिली जानकारी के अनुसार, पत्रकार का बेटा शाम के समय घर के बाहर अपने दोस्तों से बातचीत कर रहा था। उसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले बफाती खान ने बच्चे से धमकी भरे लहज़े में कहा कि वह उसे “मार देगा”। बाद में पत्रकार ने रात करीब 10 बजे बफाती खान से इस बारे में पूछताछ की कि उसने बच्चे को धमकी क्यों दी।
बताया जा रहा है कि सवाल पूछते ही बफाती खान और उसका बेटा हसन खान उत्तेजित हो गए। दोनों ने पुरानी बात— दीपावली के समय गाड़ी के पास पटाखा फोड़ने— को लेकर पत्रकार और उनके परिवार के प्रति अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। आपत्ति जताने पर दोनों आरोपियों ने पत्रकार पर हाथापाई शुरू कर दी और डंडे से हमला भी किया।
हमले को रोकने के लिए जब पत्रकार की पत्नी बीच में आईं, तो उन पर भी धक्का-मुक्की की गई और गला पकड़कर मारपीट की गई। मारपीट में पत्रकार के सिर, हाथ और चेहरे पर चोट आई, जबकि उनकी पत्नी के गले और दाहिने हाथ में चोट के निशान पाए गए।
घटना के दौरान कई स्थानीय लोग मौजूद थे, जिन्होंने बीच-बचाव का प्रयास किया और हमले के साक्षी भी बने।
पीड़ित पत्रकार ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान आरोपी उन्हें यह धमकी दे रहे थे कि यदि वे मोहल्ले में रहना चाहते हैं, तो “दबकर” रहना पड़ेगा। इस पूरे प्रकरण से परिवार गहरे तनाव और भय में है।
परिवार द्वारा शिकायत दर्ज कराने के बाद पुलिस ने मामला संज्ञान में लिया है और आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। जांच जारी है।
यह घटना स्थानीय सुरक्षा व्यवस्था और गली-मोहल्लों में बढ़ती दबंगई पर सवाल खड़े करती है। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से त्वरित कार्रवाई और सुरक्षा मुहैया कराने की मांग की है।
































