Saturday, March 7, 2026
Home छत्तीसगढ़ रायपुर में बड़ा प्रशासनिक reshuffle : 13 IAS अधिकारियों के विभाग बदले,...

रायपुर में बड़ा प्रशासनिक reshuffle : 13 IAS अधिकारियों के विभाग बदले, कई को मिली नई अहम जिम्मेदारियाँ

48

The Duniyadari : रायपुर। छत्तीसगढ़ सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक स्तर पर बड़ा बदलाव करते हुए 13 आईएएस अधिकारियों के विभाग और जिम्मेदारियों में फेरबदल कर दिया। जारी आदेश के अनुसार कई अधिकारियों को नए पदों की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जबकि कुछ के विभागों में महत्वपूर्ण परिवर्तन किए गए हैं।

सबसे प्रमुख बदलाव के तहत आईएएस शिखा राजपूत तिवारी को छत्तीसगढ़ राज्य निर्वाचन आयोग का सचिव नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे चिकित्सा शिक्षा आयुक्त और आयुष विभाग का अतिरिक्त प्रभार संभाल रही थीं।

आईएएस डॉ. प्रियंका शुक्ला को आयुक्त, समग्र शिक्षा की कमान दी गई है। इसके साथ ही उन्हें पाठ्य पुस्तक निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

आईएएस किरण कौशल, जो मार्कफेड और नागरिक आपूर्ति निगम के अतिरिक्त प्रभार की जिम्मेदारी संभाल रही थीं, अब सचिव, मंत्रालय के पद पर कार्य करेंगी।

महिला एवं बाल विकास विभाग के संचालक आईएएस पदुम सिंह एल्मा को छत्तीसगढ़ स्टेट मार्केटिंग कॉर्पोरेशन लिमिटेड का प्रबंध संचालक बनाया गया है। साथ ही उन्हें छत्तीसगढ़ बेवरेजेस कॉर्पोरेशन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के बाद आईएएस आर. संगीता को बेवरेजेस और मार्केटिंग कॉर्पोरेशन के अतिरिक्त दायित्व से मुक्त कर दिया गया है। वे अब केवल अपने मुख्य विभाग में ही जिम्मेदारी निभाएंगी।

आईएएस संजीव कुमार झा को समग्र शिक्षा विभाग से स्थानांतरित कर संचालक स्वास्थ्य सेवाएं बनाया गया है। इसके साथ उन्हें राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

आईएएस जितेंद्र कुमार शुक्ला, जो अब तक जल जीवन मिशन के मिशन संचालक थे, को मार्कफेड के प्रबंध संचालक की जिम्मेदारी दी गई है। वे जल जीवन मिशन का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे।

आईएएस रितेश कुमार अग्रवाल को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ चिकित्सा शिक्षा आयुक्त का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

आईएएस इफ्फ़त आरा को विशेष सचिव, राजस्व एवं आपदा प्रबंधन नियुक्त किया गया है, साथ ही नागरिक आपूर्ति निगम के प्रबंध संचालक का अतिरिक्त प्रभार भी उन्हें दिया गया है।

आईएएस संतन देवी जांगड़े को संयुक्त सचिव पद के साथ संचालक आयुष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।

आईएएस सुखनाथ अहिरवार, जो अब तक राज्य निर्वाचन आयोग में सचिव थे, अब संयुक्त सचिव, खेल एवं युवा कल्याण विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे।