The Duniyadari : बिलासपुर। शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव की मौजूदगी में कलेक्टोरेट के मंथन सभागार में चल रही संभागीय समीक्षा बैठक अचानक अफरा-तफरी वाले माहौल में बदल गई। बैठक के दौरान अटैचमेंट से जुड़े एक मुद्दे पर जब मंत्री ने कोटा के बीईओ एन.के. मिश्रा से कड़ाई से सवाल-जवाब किया, तभी माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। मंत्री की तीखी फटकार के बीच बीईओ की तबीयत बिगड़ गई और वे धीरे-धीरे पीछे झुकते हुए कुर्सी से नीचे गिर पड़े।

सूत्रों के अनुसार, डांट-फटकार के बाद उनका ब्लड प्रेशर तेज़ी से बढ़ गया था, जिसके चलते वे बेहोश हो गए। उनके गिरते ही सभागार में मौजूद अधिकारी घबरा गए और तुरंत उन्हें उठाकर बाहर ले जाया गया। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने शुरुआती जांच में उनकी हालत को नियंत्रण में बताया और उन्हें कुछ देर निगरानी में रखा।
अचानक हुई इस घटना से बैठक कुछ समय के लिए बाधित रही। हालात सामान्य होने के बाद ही समीक्षा बैठक दोबारा शुरू की जा सकी।
































