रायपुर–कोरबा | टैक्स चोरी पर स्टेट GST का शिकंजा, कोयला कारोबारियों के ठिकानों पर एकसाथ छापेमारी

43

The Duniyadari : छत्तीसगढ़ में टैक्स चोरी के खिलाफ स्टेट जीएसटी विभाग ने मोर्चा खोल दिया है। बिलासपुर में हुई हाई-प्रोफाइल कार्रवाई के बाद अब विभाग की टीमें कोरबा और रायपुर में सक्रिय हो गई हैं। कोयला कारोबार से जुड़े बड़े नामों के ठिकानों पर एक साथ दबिश देकर दस्तावेजों की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

सूत्रों के अनुसार, कोरबा जिले में दो प्रमुख कोयला व्यापारियों और रायपुर में एक बड़े कारोबारी के कार्यालय व अन्य परिसरों पर जीएसटी अधिकारियों की टीम ने जांच शुरू की है। लेन-देन से जुड़े कागजात, बिलिंग सिस्टम, रजिस्टर और डिजिटल रिकॉर्ड खंगाले जा रहे हैं। विभाग को संदेह है कि इन कारोबारियों ने लंबे समय से जीएसटी भुगतान में गंभीर अनियमितताएं की हैं।

इस अचानक हुई कार्रवाई से कोयला कारोबारियों में हड़कंप की स्थिति बनी हुई है। अधिकारी किसी भी तरह की ढिलाई बरतने के मूड में नहीं हैं और हर पहलू की गहन जांच की जा रही है।

इससे पहले बिलासपुर में स्टेट जीएसटी विभाग की छापेमारी ने बड़ा खुलासा किया था, जहां जांच के बाद तीन बड़े कोयला कारोबारियों ने करोड़ों रुपये का टैक्स सरेंडर किया था। उस कार्रवाई को विभाग की अब तक की सबसे बड़ी उपलब्धियों में गिना जा रहा है।

विभागीय सूत्रों का कहना है कि आने वाले दिनों में यह अभियान और तेज होगा। जांच में अगर पुख्ता सबूत मिले तो न सिर्फ भारी जुर्माना बल्कि कड़ी कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है।

खास बात यह है कि एक बड़े कोल वॉशरी समूह का नाम एक चर्चित टीवी अभिनेत्री के पारिवारिक संबंधों से जुड़ा बताया जा रहा है, जिसके चलते यह पूरा मामला राजनीतिक और सामाजिक हलकों में भी चर्चा का विषय बन गया है।

स्टेट जीएसटी विभाग ने साफ संकेत दे दिया है कि टैक्स चोरी किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी और चाहे नाम कितना भी बड़ा क्यों न हो, कार्रवाई तय है।