Wednesday, May 20, 2026
Home बालोद एसपी की सख्ती: आदेश की अवहेलना पर थाना प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी...

एसपी की सख्ती: आदेश की अवहेलना पर थाना प्रभारी समेत दो पुलिसकर्मी निलंबित

46

The Duniyadari: बालोद: जिले में पुलिस विभाग में अनुशासन को लेकर कड़ी कार्रवाई की गई है। जिला पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल ने अर्जुन्दा थाना प्रभारी और एक आरक्षक को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर रक्षित केंद्र से संबद्ध कर दिया है।

जानकारी के अनुसार, अर्जुन्दा थाना प्रभारी जोगेंद्र साहू और आरक्षक पंकज तारम पर विभागीय आदेश की अनदेखी करने का आरोप है। एसपी कार्यालय से जारी तबादला आदेश के तहत आरक्षक पंकज तारम को अर्जुन्दा से गुंडरदेही थाना भेजा गया था। इसके बावजूद संबंधित कर्मचारी को नई पदस्थापना के लिए रवानगी नहीं दी गई।

पुलिस अधीक्षक ने इसे गंभीर अनुशासनहीनता मानते हुए कार्रवाई की। जारी आदेश में कहा गया है कि वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों का पालन न करना कर्तव्य के प्रति लापरवाही और गैरजिम्मेदाराना व्यवहार को दर्शाता है। इसी आधार पर दोनों कर्मचारियों को निलंबित कर लाइन अटैच किया गया है।

आदेश के मुताबिक, निलंबन अवधि के दौरान दोनों को नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता दिया जाएगा। पुलिस विभाग ने स्पष्ट संकेत दिया है कि आदेशों की अवहेलना करने वालों पर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।