कोरबा में बीए छात्रा की आत्महत्या, बंद SECL क्वार्टर में मिला शव

27

The Duniyadari : कोरबा जिले के बांकीमोंगरा थाना क्षेत्र अंतर्गत घुड़देवा इलाके में एक 20 वर्षीय बीए फर्स्ट ईयर की छात्रा ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान आरती टंडन के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जांजगीर-चांपा जिले की रहने वाली थी और कोरबा में रहकर कॉलेज की पढ़ाई कर रही थी।

बताया गया कि बुधवार को आरती कॉलेज जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। परिजनों द्वारा तलाश के दौरान घुड़देवा स्थित एक पुराने SECL क्वार्टर की चाबी गायब पाई गई। संदेह होने पर जब परिवार वहां पहुंचा तो क्वार्टर अंदर से बंद मिला। अंदर जाकर देखने पर युवती का शव पंखे से लटका हुआ मिला।

घटना की सूचना पर बांकीमोंगरा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर SECL अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया। गुरुवार को पोस्टमार्टम की कार्रवाई के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने युवती का मोबाइल फोन जब्त कर लिया है और आत्महत्या के कारणों की जांच की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में किसी आपराधिक साजिश के संकेत नहीं मिले हैं, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच जारी है। इस घटना से क्षेत्र में शोक का माहौल है और युवाओं में मानसिक तनाव व स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंता एक बार फिर सामने आई है।