The Duniyadari : कोरबा, 30 जनवरी (वेदांत समाचार)। जिले के राताखार मुख्य मार्ग पर गुरुवार देर रात तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब दो भारी ट्रेलर आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और एक ट्रेलर का चालक केबिन में फंस गया।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला गया और उसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत पर डॉक्टर नजर बनाए हुए हैं।
दुर्घटना के चलते राताखार मार्ग पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सूचना मिलने पर 112 डायल टीम और कोतवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त ट्रेलरों को सड़क से हटवाकर मार्ग को धीरे-धीरे चालू कराया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, एक ट्रेलर कुसमुंडा से कोरबा की ओर जा रहा था, जबकि दूसरा कोरबा से गेवरा की दिशा में आ रहा था। स्थानीय लोगों का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह रही। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर मामले की जांच शुरू कर दी है।





























