मनरेगा को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, रायपुर में कई जगह उतरी पार्टी

12

The Duniyadari : रायपुर। मनरेगा योजना में किए जा रहे बदलावों के विरोध में कांग्रेस ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर में अलग-अलग स्थानों पर प्रदर्शन कर सरकार के खिलाफ आवाज बुलंद की। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकार की नीतियों से ग्रामीण रोजगार व्यवस्था प्रभावित हो रही है और किसानों-मजदूरों को नुकसान उठाना पड़ रहा है।

कांग्रेस नेता प्रमोद दुबे ने कहा कि मनरेगा जैसी जनहितकारी योजना में वित्तीय ढांचे को बदलकर राज्यों पर अतिरिक्त दबाव डाला जा रहा है। उन्होंने कहा कि योजना के नाम या स्वरूप में बदलाव से ज्यादा चिंता इस बात की है कि इसके अधिकार आधारित स्वरूप को कमजोर किया जा रहा है, जिसे कांग्रेस किसी भी हाल में स्वीकार नहीं करेगी।

पूर्व महापौर एजाज ढेबर ने कहा कि कांग्रेस किसानों और श्रमिकों के हितों की रक्षा के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह लड़ाई सिर्फ सड़कों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि सदन में भी सरकार को घेरा जाएगा।

कांग्रेस नेता कन्हैया अग्रवाल ने भी केंद्र सरकार की नीतियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि मनरेगा ग्रामीण जनता के लिए रोजगार का अहम साधन है और इसे कमजोर करने के प्रयास दुर्भाग्यपूर्ण हैं।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारे लगाए और मनरेगा को मजबूत बनाए रखने की मांग की।