नारायणपुर में दिव्यांग आवासीय विद्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री साय, बच्चों से संवाद कर बस देने की घोषणा

11

The Duniyadari:रायपुर, 31 जनवरी 2026। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज नारायणपुर जिले के गरांजी स्थित परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय का आकस्मिक दौरा कर वहां अध्ययनरत विशेष आवश्यकता वाले बच्चों से आत्मीय मुलाकात की। मुख्यमंत्री के विद्यालय पहुंचते ही बच्चों ने उत्साह और स्नेह के साथ उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, हनुमान चालीसा तथा बस्तर अंचल की पारंपरिक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें देखकर मुख्यमंत्री सहित सभी अतिथि भावविभोर हो गए। बच्चों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मुख्यमंत्री श्री साय ने विद्यालय के लिए एक बस उपलब्ध कराने की घोषणा की, जिससे उनके आवागमन में सहूलियत हो सके।

मुख्यमंत्री ने बच्चों से संवाद करते हुए उन्हें मेहनत, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यालय में उपलब्ध संसाधनों का पूरा लाभ उठाकर बच्चे अपने सपनों को साकार कर सकते हैं। श्री साय ने बच्चों को आईएएस, आईपीएस जैसे उच्च पदों के लिए लक्ष्य तय करने की प्रेरणा दी और कहा कि शारीरिक चुनौतियां कभी भी सफलता की राह में बाधा नहीं बन सकतीं।

बच्चों के सवालों का सहजता से जवाब देते हुए मुख्यमंत्री ने बताया कि उन्हें बचपन में पिट्ठू और फुटबॉल जैसे खेल खेलना बेहद पसंद था। उन्होंने कहा कि बच्चों के बीच आकर उन्हें अपार खुशी और सकारात्मक ऊर्जा मिली है।

मुख्यमंत्री ने सभी विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित कर स्नेह और आशीर्वाद दिया। बच्चों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा, बस्तर सांसद महेश कश्यप, अन्य जनप्रतिनिधियों, मुख्यमंत्री सचिव राहुल भगत, कमिश्नर डोमन सिंह एवं आईजी सुंदरराज पी. सहित उपस्थित अतिथियों ने भी सराहना की।

गौरतलब है कि परीयना दिव्यांग आवासीय विद्यालय की शुरुआत 11 सितंबर 2023 को हुई थी। इसका संचालन जिला खनिज न्यास निधि के माध्यम से किया जा रहा है। विद्यालय का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को गुणवत्तापूर्ण और समावेशी शिक्षा प्रदान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ना है। वर्तमान में यहां 60 बच्चे अध्ययनरत हैं, जिन्हें आडियोलॉजी, फिजियोथेरेपी, विशेष शिक्षा, संगीत, खेलकूद, योग, व्यायाम और कंप्यूटर शिक्षा जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।