Thursday, October 1, 2026
Home कोरबा अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र में 60 वर्षीय महिला की मौत से हंगामा, परिजनों...

अस्थाई स्वास्थ्य केंद्र में 60 वर्षीय महिला की मौत से हंगामा, परिजनों ने लगाए इलाज में लापरवाही के आरोप

18

The Duniyadari: कोरबा। हरदीबाजार के अस्थाई शासकीय स्वास्थ्य केंद्र में उपचार के दौरान 60 वर्षीय महिला की मौत के बाद विवाद की स्थिति बन गई। ग्राम पंचायत रेकी निवासी भगा बाई पति गौठिया पटेल की अचानक हुई मौत से परिजन और ग्रामीण आक्रोशित हो गए। उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में इलाज की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए मामले की जांच, जिम्मेदारों पर कार्रवाई और परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग की है।

बताया जा रहा है कि मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे भगा बाई तालाब से स्नान कर वापस अपने घर लौट रही थीं। रास्ते में उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई और शरीर में तेज दर्द होने लगा। परिजन उन्हें बिना देर किए हरदीबाजार के अस्थाई सरकारी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे।

परिजनों के अनुसार, अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने ब्लड प्रेशर सहित कुछ जरूरी जांच कराने को कहा। जांच बाहर से कराई गई और रिपोर्ट सामान्य आने की बात परिजनों ने बताई। उनका कहना है कि जांच के बाद महिला खुद चलकर स्वास्थ्य केंद्र के भीतर गई थीं। इसके बाद उनका इलाज शुरू किया गया, लेकिन कुछ समय बाद ही उनकी हालत बिगड़ गई और उनकी मौत हो गई।

महिला की मौत की सूचना के बाद अस्पताल परिसर में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। ग्रामीणों ने स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं को लेकर नाराजगी जताई और आरोप लगाया कि यहां मरीजों को पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। उनका कहना है कि पुराने अस्पताल भवन को हटाए जाने के बाद पुराने तहसील भवन में अस्थाई तौर पर स्वास्थ्य केंद्र चल रहा है, जहां जरूरी संसाधनों और दवाओं की कमी की शिकायतें सामने आती रही हैं।

ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि सामान्य जांच के लिए भी मरीजों को बाहर जाना पड़ता है। हालांकि, इलाज में लापरवाही और महिला की मौत के बीच सीधे संबंध को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष सामने नहीं आया है। मौत की वास्तविक वजह जांच और चिकित्सकीय प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

मामले की जानकारी मिलने पर तहसीलदार भी मौके पर पहुंचे और परिजनों तथा ग्रामीणों से चर्चा की। प्रशासन की ओर से शव का पोस्टमार्टम कराने की बात कही गई, लेकिन परिजन और ग्रामीण इसके लिए तैयार नहीं हुए। वे परिवार को मुआवजा देने और इलाज में जिम्मेदारी तय कर संबंधित डॉक्टरों पर कार्रवाई की मांग करते रहे।

स्थिति को देखते हुए दीपका, कुसमुंडा और हरदीबाजार थाना क्षेत्र से पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। शव को पाली ब्लॉक के सरकारी स्वास्थ्य केंद्र स्थित फ्रीजर में सुरक्षित रखे जाने की जानकारी सामने आई है। वहीं, रात तक हरदीबाजार स्वास्थ्य केंद्र परिसर में भी पुलिस की मौजूदगी रही।

घटना की जानकारी मिलने पर कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि मुकेश जायसवाल समेत कई जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। रेंकी सरपंच तीज राम, उपसरपंच शिव नारायण यादव और हरदीबाजार सरपंच लोकेश्वर कंवर सहित अन्य लोगों ने भी परिजनों से मुलाकात की और स्थिति की जानकारी ली।

मामले को लेकर आज तहसील कार्यालय में प्रशासन, जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों के बीच चर्चा प्रस्तावित है। बैठक में SECL के अधिकारियों के साथ SDM और तहसीलदार के शामिल होने की बात कही गई है। इस दौरान महिला की मौत की परिस्थितियों, स्वास्थ्य केंद्र की व्यवस्थाओं और ग्रामीणों की मांगों पर बातचीत होने की संभावना है।