किराए के मकान से देह व्यापार का पर्दाफाश, पुलिस ने ग्राहक बनकर किया स्टिंग

23

The Duniyadari: रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में चक्रधर नगर पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए केलो विहार कॉलोनी में चल रहे देह व्यापार के अवैध नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने स्टिंग ऑपरेशन के जरिए एजेंट और एक ग्राहक को मौके से दबोच लिया।

पुलिस के अनुसार, इलाके में अनैतिक गतिविधियों की गुप्त सूचना मिलने के बाद पहले सत्यापन किया गया। पुष्टि होने पर रविवार रात एक जवान को ग्राहक के रूप में भेजा गया। मकान के भीतर पहुंचते ही एजेंट डिंपी इजारदार से बातचीत के दौरान देह व्यापार की बात स्पष्ट हुई। तय संकेत मिलते ही बाहर तैनात टीम ने तुरंत चारों तरफ से घेराबंदी कर छापा मारा।

छापेमारी के दौरान घर के अलग-अलग कमरों से 20 से 30 वर्ष आयु वर्ग की तीन युवतियां मिलीं। प्रारंभिक जानकारी में बताया गया कि वे ओडिशा, बिलासपुर और लैलूंगा की निवासी हैं। वहीं मौके पर नागेंद्र विश्वकर्मा (35) नामक व्यक्ति ग्राहक के रूप में पाया गया। तलाशी में कंडोम सहित आपत्तिजनक सामग्री भी जब्त की गई।

जांच में यह भी सामने आया कि संबंधित मकान संतोष सोनी का है, जिसे किराए पर दिया गया था। आरोपी डिंपी इजारदार करीब एक वर्ष से वहां रहकर अन्य राज्यों व जिलों से युवतियों को बुलाकर अवैध धंधा संचालित कर रहा था।

पुलिस ने एजेंट और ग्राहक को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि बरामद युवतियों से पूछताछ जारी है। अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।