The Duniyadari : कोरबा। नगर पालिक निगम कोरबा ने अवैध कब्जा और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान विघ्न डालने वालों पर सख्ती दिखानी शुरू कर दी है। इसी क्रम में ढोढ़ीपारा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाने पहुंची निगम की उड़नदस्ता टीम के साथ अभद्रता करने और हंगामा करने वाली एक महिला को मौके पर मौजूद महिला सुरक्षा बल ने काबू में कर कड़ी चेतावनी दी।
जानकारी के अनुसार, सीएसईबी-दर्री मुख्य मार्ग स्थित ढोढ़ीपारा बस्ती में उपस्वास्थ्य केंद्र के पास एक मकान के सामने बीम-कालम और छज्जा बनाकर शासकीय जमीन पर कब्जा किया गया था। शिकायत मिलने पर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर बुलडोजर से अवैध निर्माण हटा दिया। कार्रवाई के दौरान संबंधित महिला ने टीम के साथ विवाद करने की कोशिश की, जिस पर सुरक्षा बल ने हस्तक्षेप करते हुए स्थिति संभाली।
निगम आयुक्त आशुतोष पाण्डेय ने बताया कि शासकीय और सार्वजनिक जमीनों पर कब्जा हटाने के लिए विशेष अतिक्रमण निरोधी दस्ते का गठन किया गया है, जिसकी कमान उपायुक्त नीरज कौशिक को सौंपी गई है। यह टीम लगातार क्षेत्र का निरीक्षण कर अवैध निर्माणों पर कार्रवाई कर रही है। आयुक्त ने स्पष्ट कहा कि कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ कानूनी कदम भी उठाए जाएंगे।
आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि वे सार्वजनिक या निगम की जमीन पर किसी तरह का अवैध कब्जा न करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नए अतिक्रमण पर सतर्क नजर रखी जाए और कहीं भी अवैध निर्माण दिखने पर तुरंत उड़नदस्ता टीम को सूचना दी जाए, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित हो सके।
































