कोरबा: मानिकपुर कोयला खदान में गिरने से युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

23

The Duniyadari: कोरबा। एसईसीएल की मानिकपुर कोयला खदान में बुधवार को एक गंभीर हादसा सामने आया, जहां प्रतिबंधित इलाके में पहुंचे एक व्यक्ति की गहरी खाई में गिरने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक खदान के भीतर अवैध रूप से प्रवेश कर चुका था।

जानकारी के अनुसार, कुदारी गांव निवासी 42 वर्षीय भगत कुमार मरावी खदान क्षेत्र में गया हुआ था। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो वह खदान की ओर नीचे उतरने की कोशिश कर रहा था, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वह करीब 170 फीट गहरे गड्ढे में गिर गया। अत्यधिक ऊंचाई से गिरने के कारण उसे गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उसकी जान चली गई।

हादसे की सूचना मिलते ही मानिकपुर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।

इस संबंध में सीएसपी प्रतीक चतुर्वेदी ने बताया कि खदान क्षेत्र में गिरने से मौत की पुष्टि हुई है। परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद खदान की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं।