जशपुर में बस और हाईवा की जोरदार भिड़ंत, कई यात्री घायल

7

The Duniyadari: जशपुर। जिले के बगीचा थाना क्षेत्र अंतर्गत रौनी घाटी के पास एक यात्री बस और हाईवा के बीच हुई तेज टक्कर में कई लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर हड़कंप की स्थिति बन गई और आसपास के लोग मदद के लिए जुट गए।

बताया जा रहा है कि बस बगीचा से कुसमी की दिशा में जा रही थी, तभी सामने से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा से उसकी सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर के असर से बस में बैठे अनेक यात्रियों को चोटें आईं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और सड़क पर आवागमन को सामान्य कराया।

घायलों को स्थानीय लोगों और पुलिस की सहायता से तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बगीचा ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के अनुसार कुछ यात्रियों की स्थिति गंभीर है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए बड़े अस्पताल भेजने की तैयारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।