The Duniyadari: कोरबा, 13 फरवरी। पाली महोत्सव 2026 के सफल आयोजन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। 15 और 16 फरवरी को आयोजित होने वाले दो दिवसीय महोत्सव को भव्य और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने पाली के केराझरिया स्थित कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण कर विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की। इस दौरान मंच निर्माण, दर्शक दीर्घा, वीआईपी बैठक व्यवस्था, विभागीय स्टॉल, पार्किंग और बेरिकेडिंग की तैयारियों का जायजा लिया गया।
कलेक्टर ने अधिकारियों को सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए मंच पर सभी जरूरी सुविधाएं सुनिश्चित करने, पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था करने और स्वास्थ्य विभाग व लोक निर्माण विभाग की टीमों को आपात स्थिति के लिए तैयार रखने के निर्देश दिए। साथ ही पेयजल, शौचालय और कलाकारों के ठहरने की व्यवस्था को व्यवस्थित रखने पर विशेष जोर दिया।
अधिकारियों से 15 फरवरी की सुबह प्रस्तावित साइकिल रेस और शाम को शिव मंदिर घाट पर आयोजित होने वाली शिव आरती व दीपोत्सव की तैयारियों की भी जानकारी ली गई। आपातकालीन सेवाओं के तहत एम्बुलेंस और अग्निशमन वाहनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए, ताकि महोत्सव के दौरान कानून-व्यवस्था बनी रहे। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, अपर कलेक्टर कटघोरा ओंकार यादव और एसडीएम पाली रोहित कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
































