The Duniyadari:कोरबा जिले के दर्री थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। ग्राम बरेड़ीमुड़ा में सोमवार दोपहर से लापता 2 वर्षीय मासूम का शव मंगलवार सुबह घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर से बरामद हुआ। इस हादसे से परिवार समेत पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, बच्चे के माता-पिता मजदूरी के सिलसिले में तमिलनाडु गए हुए हैं। मासूम गांव में अपने दादा प्रमोद कंवर और बुआ के साथ रह रहा था। रविवार को बच्चा घर में खेल रहा था, जबकि परिजन अपने काम में व्यस्त थे। दोपहर बाद अचानक वह नजर नहीं आया। काफी खोजबीन के बावजूद जब उसका कोई सुराग नहीं मिला तो परिजनों ने थाने में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई।
पूरी रात तलाश के बाद मंगलवार सुबह परिजनों ने आशंका के आधार पर घर की बाड़ी में बने गोबर गैस चेंबर में देखा। अंदर झांकने पर बच्चा गिरा हुआ मिला। तत्काल उसे बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। संकरे चेंबर में गिरने से वह बाहर नहीं निकल सका।
घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। बच्चे के माता-पिता को भी खबर दे दी गई है, जो घर लौट रहे हैं। ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।
































