The Duniyadari: लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने कहा है कि उत्तर प्रदेश तेज, सुरक्षित और आधुनिक सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच X पर अपने संदेश में लिखा कि अत्याधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर ‘विकसित भारत’ की मजबूत नींव है और आज विश्व स्तर पर इसकी सराहना हो रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि मेरठ की ऐतिहासिक धरती पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की पहली नमो भारत रीजनल रैपिड ट्रांजिट सिस्टम सेवा और मेरठ मेट्रो का उद्घाटन किया। साथ ही दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर के पूरे खंड को राष्ट्र को समर्पित किया गया।
उन्होंने कहा कि यह परियोजना न केवल आवागमन को आसान बनाएगी, बल्कि क्षेत्रीय विकास, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी नई गति देगी। मुख्यमंत्री ने इसे होली पर्व से पहले प्रदेशवासियों के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताते हुए प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और नागरिकों को बधाई दी।
सरकार का मानना है कि आधुनिक परिवहन ढांचा प्रदेश को प्रगति के नए आयामों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाएगा।






























