The Duniyadari: कोरबा। नगर निगम कोरबा ने वार्ड क्रमांक 03 में स्वीकृत विकास कार्य शुरू नहीं करने के मामले में सख्त रुख अपनाया है। तय समयसीमा के बावजूद काम प्रारंभ न होने पर संबंधित ठेका रद्द कर दिया गया है और भाजपा मंडल अध्यक्ष योगेश मिश्रा से जुड़ी फर्म को एक वर्ष के लिए ब्लैकलिस्ट कर दिया गया है। इस अवधि में फर्म निगम की किसी भी निविदा में हिस्सा नहीं ले सकेगी।
समयसीमा बीती, काम शून्य
नगर निगम से मिली जानकारी के अनुसार अधोसंरचना मद के तहत 30 दिसंबर 2024 को कार्यादेश जारी किया गया था। अनुबंध के मुताबिक चार माह में कार्य पूर्ण करना था, जिसकी अंतिम तिथि 29 अप्रैल 2025 निर्धारित थी। हालांकि निर्धारित समय गुजरने के कई महीने बाद भी स्थल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
स्थिति स्पष्ट करने के लिए निगम प्रशासन ने जुलाई, अगस्त और सितंबर 2025 में लगातार पत्राचार किया। इसके बाद 30 जनवरी 2026 को अंतिम नोटिस जारी कर सात दिन के भीतर जवाब मांगा गया, लेकिन संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया।
अनुबंध शर्तों के तहत कार्रवाई
प्रशासन ने इसे अनुबंध की शर्तों का उल्लंघन मानते हुए क्लॉज 2 और 3 के तहत कार्रवाई की। ठेका निरस्त करने के साथ ही निविदा के समय जमा अमानत राशि को ब्याज सहित राजसात करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। साथ ही शेष कार्य के मूल्य का 10 प्रतिशत तक क्षतिपूर्ति राशि अन्य देयकों या सुरक्षा निधि से वसूलने की तैयारी है। आवश्यकता पड़ने पर इसे भू-राजस्व बकाया की तरह भी वसूला जा सकता है।
सियासी हलकों में चर्चा
चूंकि संबंधित फर्म का संबंध स्थानीय भाजपा मंडल अध्यक्ष से बताया जा रहा है और उन्हें महापौर का करीबी माना जाता है, इसलिए इस कार्रवाई के बाद राजनीतिक गलियारों में भी चर्चा तेज हो गई है। निगम प्रशासन ने संकेत दिया है कि समयसीमा का उल्लंघन करने पर प्रभाव या पद नहीं देखा जाएगा, नियमों के तहत कार्रवाई तय है।
































