The Duniyadari: बिलासपुर। शहर में मुख्य मार्ग पर जन्मदिन मनाना चार युवक-युवतियों को महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के आधार पर सरकंडा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चारों को हिरासत में लिया और मौके पर खड़े दोपहिया वाहनों को जब्त कर लिया। पुलिस ने साफ किया है कि सार्वजनिक सड़कों पर इस तरह का आयोजन बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, अशोक नगर निवासी एक वाहन चालक ने शिकायत दर्ज कराई थी। उसने बताया कि 21 फरवरी की रात लगभग साढ़े दस बजे जब वह कोनी रोड की ओर जा रहा था, तब राधाकृष्ण मंदिर के पास सड़क पर भीड़ और यातायात अवरुद्ध मिला। बीच सड़क पर एक बुलेट और एक स्कूटी खड़ी थीं, जिनकी वजह से अन्य वाहन चालकों को रुकना पड़ा।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बाइक की सीट पर केक रखकर जन्मदिन मनाया जा रहा था। दो युवक और दो युवतियां सड़क के बीच केक काटते और पटाखे चलाते नजर आए। एक युवती ने बर्थडे क्राउन पहन रखा था और स्कूटी पर उपहार भी रखे थे। पटाखों और भीड़ के कारण आसपास से गुजरने वालों को परेशानी हुई। कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि समझाने पर युवकों ने तीखी प्रतिक्रिया दी।
घटना का वीडियो किसी राहगीर ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जिसके वायरल होते ही पुलिस सक्रिय हो गई। वीडियो के आधार पर संबंधित युवाओं की पहचान कर उन्हें थाने बुलाया गया। पूछताछ के बाद सड़क पर यातायात बाधित करने, लापरवाही से वाहन खड़ा करने और सार्वजनिक व्यवस्था प्रभावित करने से संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया। दोनों वाहन भी जब्त कर लिए गए हैं।
पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की है कि वे उत्सव मनाते समय कानून और यातायात नियमों का पालन करें। उनका कहना है कि सड़क या सार्वजनिक स्थान पर लापरवाही से किया गया आयोजन किसी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकता है। भविष्य में भी ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
































