कलेक्टर कुणाल दुदावत ने किया जनगणना 2027 प्रशिक्षण का शुभारंभ, समयबद्ध व सटीक कार्य के दिए निर्देश

7

The Duniyadari: कोरबा, 26 फरवरी 2026। जनगणना 2027 के प्रथम चरण—मकान सूचीकरण एवं मकान गणना—की तैयारियों के तहत जिला स्तरीय प्रशिक्षण की शुरुआत कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में हुई। प्रशिक्षण सत्र का शुभारंभ कलेक्टर कुणाल दुदावत ने किया।

कलेक्टर ने अधिकारियों से कहा कि जनगणना अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, इसलिए इसे पूरी गंभीरता, पारदर्शिता और तय समय-सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रशिक्षण के दौरान सभी दिशा-निर्देश विस्तार से समझाए जा रहे हैं, जिससे मैदानी स्तर पर कार्य सुगम हो सके।

गोपनीयता और जागरूकता पर विशेष जोर

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि जनगणना के दौरान जुटाई गई जानकारी का किसी भी शासकीय योजना की पात्रता या अपात्रता से कोई संबंध नहीं है। व्यक्तिगत डेटा पूर्णतः गोपनीय रहेगा और इसे किसी बाहरी व्यक्ति या संस्था के साथ साझा नहीं किया जाएगा।

जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में दी गई जानकारियों को गंभीरता से समझकर फील्ड में प्रभावी ढंग से लागू करने का आग्रह किया।

राष्ट्रीय प्रशिक्षक ने समझाई पूरी प्रक्रिया

जनगणना निदेशालय के संयुक्त निदेशक एवं राष्ट्रीय प्रशिक्षक अशोक मिश्रा ने प्रथम व द्वितीय चरण की कार्यप्रणाली, कानूनी प्रावधान, अधिकारियों की जिम्मेदारियां, संसाधन प्रबंधन और मोबाइल ऐप आधारित डेटा एंट्री प्रणाली की विस्तृत जानकारी दी।

प्रगणकों के लिए अलग मोबाइल ऐप उपलब्ध रहेगा, जिसके माध्यम से घर-घर जाकर जानकारी दर्ज की जाएगी। नागरिकों द्वारा ऐप में भरी गई जानकारी अधिकृत प्रगणक के सत्यापन के बाद ही मान्य होगी।

छत्तीसगढ़ में प्रथम चरण 1 मई से 30 मई 2026 तक चलेगा और संपूर्ण प्रक्रिया 28 फरवरी 2027 तक पूरी करने का लक्ष्य है। जिले में इस कार्य के लिए बड़ी संख्या में प्रगणक, पर्यवेक्षक और फील्ड ट्रेनर तैनात किए जाएंगे।

प्रशिक्षण कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं चार्ज अधिकारी के रूप में तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी मौजूद रहे।