The Duniyadari: कांकेर। जिले के स्कूल शिक्षा विभाग में अनुशासनहीनता पर प्रशासन ने कड़ा रुख अपनाया है। कलेक्टर निलेश क्षीरसागर के निर्देश पर लापरवाही बरतने वाले एक लिपिक, लगातार गैरहाजिर रहने वाले शिक्षक और शराब के नशे में स्कूल पहुंचने वाले प्रधान पाठक को निलंबित कर दिया गया है।
कोयलीबेड़ा विकासखंड के बीईओ कार्यालय की छात्रवृत्ति शाखा में पदस्थ सहायक ग्रेड-3 विजय कुमार बर्मन पर छात्रवृत्ति पंजीयन कार्य में गंभीर लापरवाही का आरोप था। उन्हें पूर्व में नोटिस जारी किया गया था, लेकिन समय पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। ब्लॉक स्तर पर लंबित छात्रों की जानकारी नियमित रूप से जिला कार्यालय तक नहीं पहुंच रही थी। प्रतिवेदन के आधार पर उन्हें निलंबित कर मुख्यालय अंतागढ़ बीईओ कार्यालय निर्धारित किया गया है।
इसी तरह प्राथमिक शाला आलदंड में पदस्थ सहायक शिक्षक सुबेसिंह ध्रुव लगातार अनुपस्थित पाए गए। विभागीय जांच के बाद उन्हें भी निलंबित करते हुए बीईओ कार्यालय कोयलीबेड़ा में अटैच किया गया है।
वहीं प्राथमिक शाला राजामुंडा के प्रधान पाठक लबोधर सिंह ठाकुर के खिलाफ स्कूल में शराब सेवन कर आने की शिकायत मिली थी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय बीईओ कार्यालय कोयलीबेड़ा तय किया गया है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि शिक्षा व्यवस्था में लापरवाही और अनुशासनहीनता किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
































