बिलासपुर में किसान सम्मेलन: CM विष्णुदेव साय ने 10,324 करोड़ की आदान सहायता जारी की

7

The Duniyadari: बिलासपुर/रायपुर। विष्णुदेव साय शनिवार को बिलासपुर जिले के बिल्हा में आयोजित राज्य स्तरीय किसान सम्मेलन में शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने प्रदेश के किसानों के लिए 10 हजार 324 करोड़ रुपये की आदान सहायता राशि जारी की।

यह राशि कृषक उन्नति योजना के तहत प्रदेश के करीब 25 लाख 28 हजार किसानों के बैंक खातों में सीधे अंतरित की जाएगी। सरकार पहले ही धान खरीदी पर 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से भुगतान कर रही है, जिससे किसानों को बड़ी राहत मिली है।

मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि किसानों को इतनी बड़ी सहायता राशि देना उनके लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने बताया कि यह राशि होली से पहले किसानों तक पहुंच जाएगी, जिससे त्योहार के समय उन्हें आर्थिक मजबूती मिलेगी।

प्रदेशभर में इस अवसर पर 146 स्थानों पर समानांतर कार्यक्रम आयोजित किए गए, जहां जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों की मौजूदगी में किसानों को योजना की जानकारी दी गई। सरकार का उद्देश्य किसानों की आय बढ़ाना और खेती को अधिक लाभकारी बनाना है।