The Duniyadari: जांजगीर-चांपा, 28 फरवरी जिले में अवैध रेत खनन और परिवहन के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार तेज हो रहा है। इसी क्रम में अकलतरा थाना पुलिस ने देर रात हाईवे पर कार्रवाई करते हुए रेत से लदे 14 हाइवा वाहनों को पकड़कर जब्त कर लिया।
जानकारी के अनुसार, पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के मार्गदर्शन में पूरे जिले में अवैध खनन गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। एसडीओपी अकलतरा प्रदीप कुमार सोरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संदिग्ध वाहनों की जांच के लिए विशेष अभियान चलाया। जांच के दौरान जिन वाहनों के पास रेत परिवहन से संबंधित वैध दस्तावेज नहीं मिले, उन्हें मौके पर ही जब्त कर लिया गया।
पुलिस ने बताया कि जब्त वाहनों के कागजातों की बारीकी से जांच की जा रही है। प्रारंभिक पड़ताल में नियमों के उल्लंघन की पुष्टि होने पर संबंधित वाहन चालकों और मालिकों के खिलाफ गौण खनिज अधिनियम सहित अन्य लागू धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
प्रशासन ने साफ किया है कि अवैध रेत उत्खनन और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी अकलतरा निरीक्षक भास्कर शर्मा और उनकी टीम की अहम भूमिका रही।
































