The Duniyadari: रायपुर, राजधानी के सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में रविवार शाम आध्यात्म और संगीत का अनूठा संगम देखने को मिला। यहां आयोजित माधवास रॉक बैंड के ‘बिगेस्ट भजन क्लबिंग’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शिरकत की और युवाओं को अध्यात्म से जुड़ने का संदेश दिया।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में कहा कि भजन क्लबिंग जैसे नवाचार युवाओं को भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश की युवा शक्ति ही राष्ट्र की वास्तविक ऊर्जा है और जब यही युवा अध्यात्म से प्रेरित होते हैं तो समाज में सकारात्मक बदलाव स्वतः दिखाई देता है।
कार्यक्रम का आयोजन सामाजिक चेतना मंच द्वारा किया गया था। प्रसिद्ध माधवास रॉक बैंड की प्रस्तुति ने पूरे स्टेडियम को भक्ति रस में डुबो दिया। राधा-कृष्ण की भक्ति में रंगे माहौल के बीच मुख्यमंत्री ने भी श्रद्धालुओं के साथ फूलों की होली खेली और उत्साह साझा किया।
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा राष्ट्र है और ऐसे आयोजन युवाओं को अपनी जड़ों से जोड़े रखने में मदद करते हैं। उनके अनुसार, अध्यात्म से जुड़ाव युवाओं में अनुशासन, सकारात्मक सोच और राष्ट्र निर्माण की भावना को मजबूत करता है।
इस दौरान उन्होंने प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ को धान का कटोरा कहा जाता है और राज्य की बड़ी आबादी खेती पर निर्भर है। सरकार द्वारा प्रति एकड़ 21 क्विंटल धान की खरीदी 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि प्रदेश के 25 लाख से अधिक किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि अंतरित की गई है। यह राशि 146 विकासखंडों में आयोजित कार्यक्रमों के माध्यम से किसानों तक पहुंचाई गई। उन्होंने कहा कि होली से पहले यह सहयोग राशि मिलने से किसानों के परिवारों में त्योहार की खुशी और बढ़ेगी।
कार्यक्रम में विधायक अनुज शर्मा, अजय जामवाल, आलोक डंगस, सामाजिक चेतना मंच के अध्यक्ष उज्ज्वल दीपक सहित अनेक गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इस्कॉन रायपुर से स्वामी सुलोचन प्रभुजी, स्वामी तमाल कृष्ण प्रभुजी, स्वामी निखिलापति प्रभुजी और स्वामी रघुपति दास सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु भी शामिल हुए।
































