The Duniyadari: रायपुर, 01 मार्च राजधानी के खरोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खसेरा में एक युवक की संदिग्ध मौत का मामला हत्या में बदल गया। पुलिस ने कुछ ही घंटों में खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी, उसके कथित प्रेमी समेत चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया।
मृतक की पहचान किशोर सारथी (27) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि उसकी पत्नी रोशनी का गांव के ही लिलेश उर्फ मुरू के साथ पिछले करीब एक वर्ष से संबंध था। दोनों साथ रहना चाहते थे और इसी वजह से पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई।
बहाने से घर से भेजा, रास्ते में रची घात
पुलिस के अनुसार 27 फरवरी की रात रोशनी ने किशोर को अपनी बहन को लाने के बहाने ग्राम बिठिया भेजा। उधर पहले से लिलेश अपने दो साथियों—अजय राज कुलदीप और देवेंद्र कुमार—के साथ कार लेकर रास्ते में इंतजार कर रहा था। जैसे ही किशोर बाइक से वहां पहुंचा, आरोपियों ने उसे तेज रफ्तार वाहन से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल किशोर को दूर जा गिरने के बाद दम तोड़ना पड़ा। घटनास्थल पर घसीटे जाने के निशान भी मिले।
अगली सुबह 28 फरवरी को ग्राम मांठ स्थित सागौन वाटिका के पास शव मिलने की सूचना पर पुलिस, डॉग स्क्वॉड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। परिजनों ने शुरू से ही साजिश की आशंका जताई थी।
पारिवारिक विवाद और साजिश
जांच में यह भी सामने आया कि किशोर को पत्नी के संबंधों की जानकारी थी, जिसके कारण दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी तनाव के चलते हत्या की योजना बनाई गई। आरोपियों ने इसे सड़क हादसा दर्शाने की कोशिश की, लेकिन पुलिस की त्वरित जांच में मामला खुल गया।
पुलिस ने चारों आरोपियों को हिरासत में लेकर उनके खिलाफ हत्या सहित अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया है। आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
































